click to have a glimpse of my journey so far

मार कटारी

मार कटारी, मार कटारी
धार कटारी, चार कटारी, वार कटारी
मार कटारी

धूर्त मुखौटे खद्दरधारी, डंडाधारी, झंडाधारी
इनकी बारी, उनकी बारी, सबकी बारी, बारी-बारी,
पीट कटारी, पाट कटारी,
मार कटारी

दिल्ली वाली, बिल्ली वाली, नियम कटारी, आईन कटारी
वर्दी को सब चुका रहे, घूस कटारी, फाईन कटारी
उफ़्फ़ कटारी, आह कटारी
मार कटारी

अवध बिहारी? कृष्ण मुरारी? - भज के लूटे लछमी सारी
डरा के रखे दुनिया सारी, ढोंगी-पोंगी तिल्लकधारी !
पुण्य कटारी, पाप कटारी,
मार कटारी

मोल कटारी, भाव कटारी, सगों में पेंच-दाव कटारी
रिश्ता फुंसी, कुनबा फोड़ा, प्यार-प्रीत में घाव कटारी
दोस्त कटारी, यार कटारी
मार कटारी

बाद में लेना जान कटारी, पहले तो पहचान कटारी
सीख कटारी. समझ कटारी, बड़ी अनोखी, ज्ञान कटारी
गुरू कटारी, शिष्य कटारी
मार कटारी

सहना छोड़ो, कहना सीखो, ज़ोर से चीखो, नर ओ नारी
लालम लाल कर दो भैय्ये, अंबर सारा, धरती सारी
नीर कटारी, पीर कटारी
मार कटारी

धुन कटारी, गीत कटारी, होले जन, गण, मन कटारी
बीज कटारी, खेत कटारी, स्वप्न कटारी, नयन कटारी
उगे कटारी, फले कटारी

मार कटारी

No comments: